थाने का सफाई कर्मचारी निकला शराब तस्कर! रतनपुर पुलिस की कार्रवाई में 'लटी' गिरफ्तार, 70 लीटर महुआ शराब जब्त
रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
रतनपुर। रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 70 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
इस कार्रवाई में सबसे अधिक चर्चा का विषय विजय धीवर उर्फ लटी बना, जो थाना रतनपुर में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
थाने से जुड़े कर्मचारी के ही अवैध शराब मामले में पकड़े जाने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर थाने में कार्यरत कर्मचारी अवैध शराब के कारोबार तक कैसे पहुंचा। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने केवल आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या संरक्षण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

0 Comments