24 घंटे में लाखों की चोरी का पर्दाफाश, सीपत पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत माल किया बरामद
सीपत। ग्राम दर्राभाठा में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात का शत-प्रतिशत माल बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे 24 अगस्त की सुबह काम के लिए एनटीपीसी सीपत गए थे। उनकी पत्नी भी घर में ताला लगाकर खेत में निदाई करने चली गई थीं। करीब 11:45 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर आलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 10 हजार रुपये नगद गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दिनेश सोनवानी को घटना के समय प्रार्थी के घर के आसपास देखा गया था। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि चोरी के आभूषण उसने पकड़े जाने के डर से अपनी सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपाकर रखे थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महिला आरोपी के पास से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी
दिनेश सोनवानी, पिता पंचराम सोनवानी, उम्र 31 वर्ष, निवासी दर्राभाठा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
सनिता कौसले, पति स्व. बसंत कौसले, उम्र 37 वर्ष, निवासी रामा केयर अस्पताल, बिलासपुर, थाना सिविल लाइन।
बरामद चोरी का माल
7.66 ग्राम सोने के जेवर
361 ग्राम चांदी के जेवर
सीपत पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना के 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों तक पहुंचने और चोरी का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने में सफलता मिली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सीपत पुलिस की इस कार्रवाई को संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

0 Comments