गुरु-चेले के विवाद में किन्नर की हत्या, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के गुरु-चेला विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरु बनाने और परंपरा को लेकर हुए विवाद में एक किन्नर की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सकरी थाना में अपराध क्रमांक 684/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में सामने आया कि मृतक तन्नू खान और किन्नर वर्षा जान तथा मीरा उर्फ आशीष आपस में गुरु भाई थे। 20 जुलाई को चारों जोकी स्थित मीरा के घर पहुंचे, जहां शराब और मछली पार्टी के दौरान बातचीत गुरु-चेला प्रथा पर आ गई।
बताया गया कि तन्नू खान ने आरोपी रिया उर्फ राकेश (24 वर्ष) से अपना गुरु बनने और समाज की परंपरा के अनुसार राशि देने की बात कही। आरोपी ने किसी को गुरु या स्वयं को किसी का चेला मानने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हो गया। मौजूद लोगों ने समझाने का प्रयास किया और तालापारा निवासी एक वरिष्ठ किन्नर से फोन पर भी बात कराई, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
इसके बाद तन्नू और आरोपी साथ में वहां से निकल गए। बाद में दोनों का संपर्क टूट गया। पुलिस जांच और पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि गुरु-चेला विवाद के चलते उसने एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास तन्नू खान का गला दबाकर हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल, चप्पल, चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा सकरी थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

0 Comments