रतनपुर में जमीन कब्जे का बड़ा खेल? नगर पालिका अध्यक्ष पर पुश्तैनी जमीन हड़पने का आरोप, एसपी से शिकायत
रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
बिलासपुर/रतनपुर। रतनपुर नगर पालिका एक बार फिर गंभीर आरोपों के कारण सुर्खियों में आ गई है। इस बार नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप पर एक महिला ने अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा कर अवैध निर्माण कराने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। हाल ही में अध्यक्ष पर अन्य गंभीर आरोपों की शिकायतें भी सामने आई थीं।
शिकायतकर्ता विमला कश्यप, निवासी वार्ड क्रमांक 8 भेड़ीमुड़ा, का आरोप है कि उनकी खानदानी जमीन, जिस पर उनका परिवार पिछले 80 से 90 वर्षों से खेती करता आ रहा है, उसे सरकारी भूमि बताकर कब्जा करने की कोशिश की गई। शिकायत के अनुसार खसरा नंबर 3938, रकबा 1.0960 हेक्टेयर भूमि को अधिकारियों की मिलीभगत से जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर समतल कराया गया और वहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
विमला कश्यप का दावा है कि पूरे मोहल्ले के लोग इस जमीन को उनके परिवार की पुश्तैनी संपत्ति के रूप में जानते हैं। इसके बावजूद कथित रूप से जमीन को सरकारी बताकर निर्माण शुरू करना कई सवाल खड़े कर रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई जानी चाहिए।
अब यह मामला केवल जमीन विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। रतनपुर की सियासत में इस शिकायत ने हलचल मचा दी है और लोगों की नजरें अब पुलिस व प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि जमीन निजी है तो उस पर निर्माण किसके आदेश से हुआ? और यदि सरकारी है तो उसके दस्तावेज क्या कहते हैं?
फिलहाल शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच चुकी है। जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आएगी। प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार पूरे क्षेत्र को है।



0 Comments