बकरों की 'बलि' चढ़ी लालच की! 19 बकरा-बकरी चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, 6 आरोपी सलाखों के पीछे
रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
बकरों की 'बलि' लालच की भेंट चढ़ गई, लेकिन आखिरकार चोर पुलिस के शिकंजे से बच नहीं सके।
रतनपुर पुलिस और साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 बकरा-बकरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बकरा-बकरी की बिक्री से प्राप्त 1.50 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है।
मामला ग्राम चकराभाठा का है, जहां किसान समन सिंह पैकरा के बकरी कोठे की दीवार तोड़कर 4 बकरे और 15 बकरियां चोरी कर ली गई थीं। घटना के बाद रतनपुर पुलिस ने साइबर सेल के साथ मिलकर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे खेत समतलीकरण का काम मांगने के बहाने गांव-गांव घूमते थे और जहां बकरा-बकरी दिखाई देती, वहां पहले रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
आरोपियों ने चोरी किए गए 19 बकरा-बकरी को 1.75 लाख रुपये में बेचने और उसमें से 25 हजार रुपये खर्च करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने शेष 1.50 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस और साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम ने की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय पशु चोरों में हड़कंप मच गया है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।


0 Comments