रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
रतनपुर। थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेंडरवा निवासी सुरेश श्रीवास (46) अपने दो पुत्रों के साथ शाम करीब 6:30 बजे थाना रतनपुर पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से कुछ आहत लोग वाहन में भरकर थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि सुरेश श्रीवास व उसके पुत्रों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल भिजवाया और आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल पर पीड़ित शेख शब्बीर ने बताया कि मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास का अपनी पूर्व पत्नी (जिससे 3-4 माह पहले तलाक हो चुका है) को लेकर शेख सलीम से अवैध संबंध का शक था। इसी बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। बुधवार को भी आरोपी ने घर पहुंचकर झगड़ा किया और तलवार से हमला कर दिया।
इस हमले में मुराद बेगम (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के एक दिन पहले पीड़ित परिवार की महिलाएं आरोपी को समझाने उसके घर गई थीं, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद महिलाएं थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की थीं और आरोपी को समझाने की मांग की थी। पुलिस ने अगले दिन बुलाने की बात कही थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई।
पुलिस ने मामले में आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
0 Comments