रतनपुर में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में प्रधानमंत्री का पुतला दहन
रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
महामाया चौक पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, छात्रों के समर्थन में उठाई आवाज; पुतला दहन के दौरान पुलिस से हल्की नोकझोंक
रतनपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर के नेतृत्व में महामाया चौक पर ब्लॉक स्तरीय धरना-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, जिला महामंत्री शीतल जायसवाल सहित कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा अनियमितताओं को लेकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और व्यवस्थागत विफलताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए।
इस अवसर पर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने परीक्षा अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई।
वहीं जिला महामंत्री शीतल जायसवाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा नई दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग रखी।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर मौजूद रतनपुर पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए हल्की नोकझोंक की स्थिति बनी। बाद में पुलिस की मौजूदगी में विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
CG Voice Express News
रिपोर्ट: संतोष सोनी "चित्टू", रतनपुर

0 Comments