रतनपुर में सियासी भूचाल: साध्वी पद्मिनी पुरी ने नगर पालिका अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, एसपी से लगाई गुहार

रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू 

रतनपुर। धार्मिक नगरी रतनपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब चपोरा क्षेत्र में मठ-मंदिर में निवासरत साध्वी साध्वी पद्मिनी पुरी ने नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।

साध्वी पद्मिनी पुरी का कहना है कि वह पिछले लगभग 10 वर्षों से मठ-मंदिर में रहकर धार्मिक जीवन व्यतीत कर रही हैं। उनके अनुसार उज्जैन में नागा संन्यास परंपरा के तहत उनका विधिवत संस्कार हुआ है और वह संत समाज से जुड़ी हुई हैं। साध्वी ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप लंबे समय से उन पर गलत नजर रखते हैं और कई बार अनुचित व्यवहार करने का प्रयास कर चुके हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें गाड़ी में बैठने के लिए कहा जाता था और लगातार परेशान किया जाता रहा।
साध्वी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा गांजा, शराब और अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों को संरक्षण दिया जाता है। इतना ही नहीं, उन्होंने जान से मारने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है। साध्वी का कहना है कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने रतनपुर थाने के बजाय सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत प्रस्तुत की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी स्वयं को प्रभावशाली राजनीतिक पहुंच वाला बताते हुए उपमुख्यमंत्री के करीबी होने का हवाला देता है, जिससे पीड़ित पक्ष भय और दबाव महसूस कर रहा है।
साध्वी की शिकायत सामने आने के बाद धार्मिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला बड़ा राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा कर सकता है।