रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
रतनपुर। नगर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले बड़ी बाजार क्षेत्र में देर रात हुई चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बड़ी बाजार में एक पुराने मकान को तोड़ा जा रहा था, जहां से निकला लोहे का छड़ अज्ञात चोर रात करीब 12 बजे चोरी कर ले गया। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
बड़ी बाजार, जहां रोजाना सराफा मार्केट के साथ-साथ बर्तन और किराना दुकानों की लंबी कतारें लगती हैं, वहां इस तरह की घटना ने व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है। फुटेज में चोर बेखौफ अंदाज में छड़ उठाकर ले जाता दिखाई दे रहा है, जिससे साफ है कि उसे पुलिस गश्त का कोई डर नहीं था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नगर के सबसे प्रमुख बाजार में ही इस तरह चोरी हो रही है, तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी है। व्यापारियों ने आशंका जताई है कि यदि इसी तरह चोरों के हौसले बढ़ते रहे, तो आने वाले दिनों में दुकानों के ताले टूटने में भी देर नहीं लगेगी।
हालांकि, इस मामले में अब तक मकान मालिक द्वारा कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। लोगों ने मांग की है कि गश्त व्यवस्था को मजबूत किया जाए और बाजार क्षेत्र में सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करती है या फिर किसी बड़ी घटना का इंतजार?
0 Comments