वाहन सहित डीजे सिस्टम जब्त, संचालक पर मामला दर्ज
रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
रतनपुर।बेलगहना बोर्ड परीक्षाओं के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाना एक संचालक को भारी पड़ गया। चौकी बेलगहना थाना कोटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम और वाहन को जब्त कर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस्तगासा क्रमांक 01/2026 धारा 04, 10 छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम 1985 के तहत श्यामलाल यादव (45 वर्ष), निवासी लखोदना के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
मामले में 17 मार्च 2026 को मोबाइल के माध्यम से शिकायत मिली थी कि ग्राम बेलगहना के केबिनपारा क्षेत्र में सड़क किनारे डीजे को अत्यधिक तेज आवाज में बजाया जा रहा है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी, वहीं कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि डीजे संचालक बिना किसी वैधानिक अनुमति के वाहन क्रमांक CG 11 AD 0570 में डीजे सिस्टम लगाकर तेज ध्वनि में बजा रहा था।
पुलिस ने संचालक से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मौके पर पंचनामा तैयार कर कार्रवाई की गई।
जप्त सामग्री में शामिल:
14 नग डीजे साउंड बॉक्स
3 नग एम्पलीफायर
2 नग जनरेटर
10 नग सर्फी लाइट
8 नग पार लाइट
1 मोबाइल फोन
डीजे वाहन (माजदा)
पुलिस ने सभी उपकरणों और वाहन को जब्त कर संचालक के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल सूर्यवंशी, आरक्षक अंकित जायसवाल एवं धीरज जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि परीक्षा अवधि में ध्वनि प्रदूषण से बचें और नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments