कोटा में सीवी रमन यूनिवर्सिटी का छात्र लापता, कमरे से मिला 40 लाख से अधिक का हिसाब

कोटा में सीवी रमन यूनिवर्सिटी का छात्र लापता, कमरे से मिला 40 लाख से अधिक का हिसाब

रतनपुर/कोटा। कोटा थाना क्षेत्र में स्थित CV Raman University के छात्रावास से एक छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुम इंसान का प्रकरण दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रोहित कुमार (19 वर्ष) पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहता था। वह 6 मार्च 2026 की शाम करीब 4 बजे से छात्रावास से लापता है। छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर थाना कोटा, जिला बिलासपुर में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
कमरे से मिले चौंकाने वाले सुराग
जांच के दौरान पुलिस को छात्र के कमरे से बिना सिम वाला मोबाइल फोन, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नोट्स और एक नोटबुक मिली है। नोटबुक में करीब 40 लाख 77 हजार 400 रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज पाया गया है।
इसके अलावा रोहित के मोबाइल से उसकी मां को स्वेच्छा से कहीं जाने का मैसेज भेजा गया था, लेकिन वह मैसेज डिलीवर नहीं हुआ।
ऑनलाइन गेमिंग और पैसों के लेन-देन की जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रोहित ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग गतिविधियों में सक्रिय था और कई लोगों से पैसों का लेन-देन करता था। घटना वाले दिन भी उसने अपने साथियों से कैश में पैसे मांगे थे और UPI से तुरंत वापस करने की बात कही थी।
पुलिस द्वारा मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। बैंक डिटेल में लगभग 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं, जिनमें विभिन्न लोगों और ऐप्स के माध्यम से पैसे का लेन-देन हुआ है।
सीसीटीवी और डॉग स्क्वाड से तलाश
पुलिस ने विश्वविद्यालय गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, स्कूल, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।
इसके अलावा डॉग स्क्वाड की मदद से छात्रावास से कोटा रेलवे स्टेशन तक खोजबीन की गई है। मामले में विश्वविद्यालय प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
परिवार को भी थी बेटिंग की जानकारी
पुलिस के अनुसार रोहित के भाई-बहनों को उसके ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी। पुलिस परिजनों को जांच में शामिल कर मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को लापता छात्र रोहित कुमार के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें।

Post a Comment

0 Comments