रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
रतनपुर। ग्राम घासीपुर में एक बार फिर सड़क हादसे ने मातम पसार दिया। ट्रेलर और मोटरसाइकल टकराने के कारण एक 39 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान संजय कुमार (39 वर्ष) निवासी करवानाला फुलवारीपारा, थाना पाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय कुमार रतनपुर स्थित अग्रवाल क्लॉथ स्टोर में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था।
सूत्रों के अनुसार, विगत दो दिनों से तबीयत खराब होने के कारण वह काम पर नहीं जा रहा था। जानकारी मिली है कि वह अपना इलाज कराने रतनपुर आया हुआ था। इलाज के बाद वापस लौटते समय ग्राम घासीपुर के पास सड़क किनारे ट्रेलर और उसकी गाड़ी जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय द्वारा लगातार लोगों को समझाइश दी जाती है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और विशेषकर शराब सेवन कर वाहन न चलाएं। इसके बावजूद लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं।
नगरवासियों ने भी शराब पीकर वाहन चलाने और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की मांग की है।
0 Comments