बिलासपुर (छत्तीसगढ़) की लूट का मिर्जापुर में खुलासा: अंतर्राज्यीय गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.678 किलो सोना बरामद
रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू
रतनपुर।बिलासपुर/मिर्जापुर, 19 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का खुलासा उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में हुआ है। मिर्जापुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय लूट गिरोह के चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 3.678 किलोग्राम सोने के आभूषण, ₹1,46,100 नगद, एक देशी पिस्टल, दो अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में अज्ञात बदमाशों ने कार सवार युवक को टक्कर मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पिस्टल व धारदार हथियार की नोक पर पीड़ित से सोने के आभूषण और नगदी लूट ली थी। घटना के बाद आरोपी CG13V7002 नंबर की कार से फरार हो गए थे।
मामले की सूचना पर मिर्जापुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश में एसओजी/सर्विलांस, थाना अहरौरा और थाना अदलहाट की संयुक्त टीम ने 18 फरवरी को घेराबंदी कर कार्रवाई की। सोनवर्षा नहर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोका। दो आरोपी मौके से पकड़ लिए गए, जबकि दो ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए और बाद में गिरफ्तार कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय लांबा तथा भानु उर्फ राहुल उर्फ रोहित उर्फ गुड्डा सहित चार लोग शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर में लूट की वारदात स्वीकार की है।
बरामदगी में भारी मात्रा में सोने के आभूषण (अंगूठी, चेन, लॉकेट, कंगन, कान की बालियां), ₹1.46 लाख नगद, 01 देशी पिस्टल (.32 बोर), 02 अवैध तमंचे (.315 बोर) व कारतूस शामिल हैं।
मिर्जापुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, छत्तीसगढ़ पुलिस को भी पूरे मामले की सूचना दे दी गई है और दोनों राज्यों की पुलिस आगे की कार्रवाई में समन्वय कर रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई से अंतर्राज्यीय अपराध गिरोह पर बड़ी चोट मानी जा रही है और बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में राहत की भावना है।
0 Comments