राज्य सरकार का ऐतिहासिक फैसलाबर्खास्त 25 एनएचएम कर्मचारी बहाल, कर्मचारी जगत में खुशी की लहर

राज्य सरकार का ऐतिहासिक फैसला
बर्खास्त 25 एनएचएम कर्मचारी बहाल, कर्मचारी जगत में खुशी की लहर

रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू 

रतनपुर रायपुर। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों के हित में एक बड़ा और संवेदनशील निर्णय लेते हुए हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए 25 एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) संविदा कर्मचारियों की बहाली का आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले से प्रदेशभर के स्वास्थ्य कर्मचारियों में हर्ष और संतोष का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक प्रदेश के लगभग 16 हजार एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन व हड़ताल पर थे। हड़ताल के दौरान अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत 25 संविदा कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त था।
अब राज्य शासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए हड़ताल अवधि को शून्य घोषित किया है और सभी 25 बर्खास्त कर्मचारियों को सेवा में पुनः बहाल करने के आदेश जारी किए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यह फैसला सरकार की सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और कर्मचारी हितैषी नीति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

प्रदेश के 16 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने इस निर्णय को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताते हुए माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। कर्मचारियों का विश्वास है कि जिस तरह सरकार ने यह अहम कदम उठाया है, उसी प्रकार शेष 5 लंबित मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
स्वास्थ्य कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की है कि राज्य सरकार भविष्य में भी संवाद और सहयोग की नीति अपनाते हुए कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करेगी, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त और प्रभावी बन सकेंगी।

Post a Comment

0 Comments