केदा धान मंडी में किसानों से वसूली का आरोप, प्रबंधक पर कार्यवाही की मांग
बिलासपुर: गांव केदा की धान मंडी में किसानों ने नए प्रबंधक पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। किसानों के अनुसार, धान तौलने के बदले में उनसे ₹41,500 की मांग की जा रही है। मंडी में किसानों का कहना है कि यह वसूली उनकी मेहनत पर डाका डालने जैसा है।
मामले की जानकारी मिलने पर पत्रकार मौके पर पहुंचे, जहां मंडी में धान की बोरियों की सिलाई और हमालों द्वारा धान तौलने का काम चल रहा था। जब पत्रकारों ने इस वसूली पर सवाल किया, तो नोडल अधिकारी और नए प्रबंधक असहज हो गए और अभद्र भाषा में जवाब देने लगे।
किसानों ने बताया कि उन्हें पहले से ही फसल के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं, ऊपर से इस तरह की वसूली उनकी आर्थिक स्थिति को और खराब कर रही है। मंडी में पारदर्शिता और किसानों के हितों की अनदेखी को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है।
क्षेत्रीय किसानों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वे दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मंडी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की गुहार लगा रहे हैं।
प्रशासन से उम्मीद:
किसानों ने इस विषय पर जिला प्रशासन और कृषि विभाग से जल्द से जल्द कदम उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
0 Comments