स्ट्रीट लाइट से बरस रहीं आग की चिंगारियां, मौत को दे रहा न्योता बिजली का खंभा!

 स्ट्रीट लाइट से बरस रहीं आग की चिंगारियां, मौत को दे रहा न्योता बिजली का खंभा!



रतनपुर से संतोष सोनी चिट्टू 

करोड़ों की लागत स्ट्रीट लाइट योजना पर सवाल, जिम्मेदार बेखबर – क्या किसी की जान जाने के बाद होगी कार्रवाई?

रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर में करोड़ों रुपये की लागत से लगाई गई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था अब लोगों की सुरक्षा नहीं, बल्कि उनके लिए खतरे की घंटी बनती जा रही है। नगर पालिका क्षेत्र में लगे एक स्ट्रीट लाइट के बिजली खंभे से लगातार आग की चिंगारियां निकल रही हैं। यह खंभा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन साधे बैठे हैं।



सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों राहगीर, स्कूली बच्चे, दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। यदि किसी समय शॉर्ट सर्किट या करंट फैल गया तो बड़ी जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की सूचना कई बार नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए। लोगों का कहना है कि ऐसा आग की चिंगारी लगातार हो रही है जब से खम्भे लगे है बिजली तक नहीं जल रही, लगता है जैसे प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।



करोड़ों रुपये खर्च कर स्ट्रीट लाइट लगाने वाली योजना अब सवालों के घेरे में है। यदि रखरखाव समय पर नहीं होना था, तो आखिर जनता के पैसे का उपयोग किस लिए किया गया? नगरवासियों का कहना है कि जब तक कोई बड़ी दुर्घटना नहीं होती, तब तक जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटती।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका और बिजली विभाग से तत्काल खराब खंभे की जांच कर मरम्मत कराने, आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने तथा पूरे शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी

Post a Comment

0 Comments