तहसीलदार शिल्पा भगत पर फिर लगे आरोप
रतनपुर | बिलासपुर (छ.ग.)
रतनपुर थाना क्षेत्र में स्थित भूमि को लेकर एक बार फिर गंभीर विवाद सामने आया है। स्वर्गीय मोतीचंद जायसवाल पिता कपिलनाथ जायसवाल की मृत्यु के पश्चात उनकी भूमि से अवैधानिक तरीके से नाम विलोपित कर भू-हड़पने का आरोप लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रतनपुर, तहसील रतनपुर, जिला बिलासपुर में स्थित खसरा नंबर 3604/3 (रकबा 0.0110), 3604/25 (रकबा 0.0230), 3604/23 (रकबा 0.0580) एवं 3604/24 (रकबा 0.1170) की भूमि पूर्व में राजस्व अभिलेखों में संयुक्त रूप से दर्ज थी। इसमें स्व. मोतीचंद जायसवाल पिता कपिलनाथ जायसवाल तथा विकल, विवेक एवं विनीत जायसवाल पिता स्व. शिवदुलारे जायसवाल के नाम दर्ज होना बताया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्व. मोतीचंद जायसवाल की मृत्यु के बाद उनके कोई विधिक वारिस नहीं होने का हवाला देकर षड्यंत्रपूर्वक, कूट रचना एवं सांठ-गांठ कर राजस्व अभिलेखों से उनका नाम विलोपित कराया गया। इस पूरे प्रकरण में तहसील कार्यालय से जुड़े तहसीलदार शिल्पा भगत, लिपिक उषा कवर एवं हल्का पटवारी दिलीप परस्ते की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उक्त भूमि के आधे हिस्से पर स्व. मोतीचंद जायसवाल का वैध अधिकार था, जबकि शेष आधी भूमि पर विकल, विवेक एवं विनीत जायसवाल का हक-हिस्सा है। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया।
गौरतलब है कि तहसीलदार शिल्पा भगत पर इससे पूर्व भी राजस्व कार्यों में अनियमितता एवं विवादों से जुड़े आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर उनका नाम सामने आना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है।
मामले को लेकर रतनपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है या मामला फिर फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।
कल नई खुलासा के साथ
0 Comments