रतनपुर की होनहार बेटी ने बढ़ाया नगर का मान
गरीब परिवार की पिंकी लोधी बनी CISF जवान
रतनपुर। नगर के रानीपारा मोहल्ले की रहने वाली पिंकी लोधी ने अपने संघर्ष, मेहनत और लगन से पूरे रतनपुर का नाम रोशन किया है। साधारण व गरीब परिवार में जन्मी पिंकी, संतोष लोधी की पुत्री हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को उड़ान दी और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में चयनित होकर आज देश सेवा के मार्ग पर अग्रसर हो गई हैं।
पिंकी लोधी की पहली ट्रेनिंग तमिलनाडु में संपन्न हुई, जहां उन्होंने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय दिया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात उनकी पोस्टिंग दिल्ली में हुई है। देश की राजधानी में तैनाती मिलना पिंकी के साथ-साथ रतनपुर नगर के लिए भी गर्व का विषय है।
15 तारीख को पिंकी लोधी अपने गृह नगर रतनपुर पहुंचेंगी, जहां उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। नगरवासी महामाया चौक पर एकत्र होकर अपनी इस होनहार बेटी का गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। यह स्वागत केवल एक जवान का नहीं, बल्कि उस संघर्ष की जीत का प्रतीक होगा, जिसने गरीबी को पीछे छोड़कर सफलता की ऊंचाइयों को छुआ है।
पिंकी लोधी की सफलता आज उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने हौसले को टूटने नहीं देतीं। एक गरीब परिवार की बेटी का अपने पैरों पर खड़ा होकर देश सेवा में योगदान देना यह साबित करता है कि मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी सपना असंभव नहीं।
रतनपुर नगर को पिंकी लोधी पर गर्व है—
बेटी हो तो पिंकी जैसी, जो अपने नगर और देश दोनों का मान बढ़ाए। 🇮🇳
0 Comments